रामगढ़। क्षेत्र में आतंक का पर्याय बन चुके राहुल दुबे गैंग के खिलाफ रामगढ़ और हजारीबाग जिला पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में गिद्दी पुलिस ने कोयला कारोबारियों से कथित रूप से लेवी और रंगदारी वसूलने पहुंचे गिरोह के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है। दोनों गिरफ्तार आरोपी रामगढ़ शहर के रहने वाले हैं।
पुलिस ने उनके कब्जे से 40 हजार रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी टोंगी-गिद्दी मुख्य मार्ग के पास लेवी वसूली की गतिविधि में शामिल होने के बाद बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उनका पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नु कुमार साव (19), पिता प्रमोद साव, निवासी सौदागर मोहल्ला, रामगढ़ कैंट और अविनाश कुमार (करीब 18 वर्ष), पिता राजेश साव, निवासी कोयरीटोला मुंडा टोली, रामगढ़ कैंट के रूप में हुई है।
मामले को लेकर गिद्दी थाना में कांड संख्या 30/26, दिनांक 10 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके गिरोह से जुड़े नेटवर्क और क्षेत्र में उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि लेवी और रंगदारी वसूली से जुड़ी पूर्व की घटनाओं में उनकी कोई भूमिका रही है या नहीं।
दोनों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को राहुल दुबे गैंग के नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है। वहीं, कोयला कारोबारियों से लेवी और रंगदारी वसूली के नेटवर्क की जांच भी तेज होने की संभावना है।
