गढ़वा। जिले के रमना थाना क्षेत्र स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब मकान निर्माण की नींव के लिए की जा रही खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से एक पुराना लोहे का संदूक निकला। संदूक मिलते ही इलाके में 'खजाना' निकलने की अफवाह हवा की तरह फैल गई, जिसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
जानकारी के अनुसार प्राचीन शिव मंदिर के समीप स्थित एक जमीन पर नए मकान के निर्माण को लेकर जेसीबी मशीन से खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान जमीन के काफी नीचे एक भारी-भरकम लोहे का संदूक टकराया। चालक ने संदूक को बाहर निकाला, जिसके बाद खबर जंगल की आग की तरह पूरे गांव और आसपास के क्षेत्रों में फैल गई।
संदूक की खबर मिलते ही देखते ही देखते दर्जनों लोग मौके पर एकत्रित हो गए। देखते ही देखते संदूक पर मालिकाना हक जताने को लेकर स्थानीय लोगों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई। बताया जा रहा है कि लगभग 40 अलग-अलग परिवारों ने इस संदूक को अपने पूर्वजों का बताते हुए इस पर अपना दावा ठोक दिया है। हर कोई इसे अपने हिस्से का गुप्त धन मानकर ले जाने की होड़ में शामिल दिखा।
मौके पर बढ़ते तनाव और गहमागहमी की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई। रमना थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और विवाद को बढ़ते देख संदूक को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया।
फिलहाल लोहे का यह संदूक पूरी तरह से बंद है और इसके भीतर क्या छिपा है—प्राचीन सिक्के, आभूषण या कोई अन्य दस्तावेज—यह अभी भी गहरा रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने संदूक को सुरक्षित स्थान पर रखवा दिया है और पुरातत्व विभाग या संबंधित वरीय अधिकारियों की मौजूदगी में इसे खोलने की कानूनी व प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
