हजारीबाग। एमएमडीआर (खान एवं खनिज संशोधन विधेयक 2026) बिल के खिलाफ कांग्रेस ने अपना आंदोलन और तेज कर दिया है। पूर्व मंत्री योगेंद्र साव ने केंद्र सरकार के एमएमडीआर बिल को लेकर मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा है। केरेडारी (हजारीबाग) में सोमवार को आयोजित पार्टी सदस्यता अभियान के दौरान उन्होंने दावा किया कि आने वाले दिनों में एमएमडीआर बिल की वापसी की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन होगा। कांग्रेस के बैनर तले क्षेत्र में संचालित सभी कोल कंपनियों के विरुद्ध बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान कोयला खनन और परिवहन को पूरी तरह रोक दिया जायेगा। योगेंद्र साव ने भाजपा पर भी तीखा हमला बोलते कहा कि बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र की जनता से एक भूल हुई है और वह भूल है कमल का फूल। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया।