देवघर। त्योहार को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग, देवघर की टीम ने शहर के शहीद आश्रम मोड़, मंदिर मोड़, जमुनाजोर पुल, करनीबाग और बाजला कॉलेज के आसपास की दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता की जांच की। इस दौरान शहीद आश्रम मोड़ के विकास मिष्ठान भंडार में हानिकारक रंग की मिलावट से तैयार डेढ़ किलो जलेबी और चार किलो लड्डू नष्ट करवाया गया। साथ ही दुकानदार को विभाग में नोटिस भी थमाया। जमुनाजोर करनीबाग के निकट संदीप फास्ट फूड में स्वछता की कमी पाये जाने पर स्टॉल संचालक को भी नोटिस दिया गया। साथ ही सुधार नहीं होने पर फूड लाइसेंस निलंबित करने की भी चेतावनी दी गई। अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन, प्रशिक्षु खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी शैलेश कुमार यादव और अंजली विवा मिंज शामिल थी। कॉलेज और स्कूल के समीप स्थित सभी चाय दुकान और अन्य स्टालों को सिगरेट और पान मसाला नहीं बेचने के सख्त निर्देश दिये गये। खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य कारोबारियों से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता बनाए रखें, खुले में खाद्य सामग्री रखकर नहीं बेचें। आवश्यक लाइसेंस एवं प्रमाणपत्र प्राप्त कर उन्हें नियमानुसार प्रदर्शित करें तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराएं।