रांची/गोड्डा। झारखंड विधानसभा में गुरुवार को गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो० फैजानुल्लाह ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। सेरेब्रल पॉलिसी से प्रभावित फैजानुल्लाह दांतों से पेन पकड़कर (मुंह से लिखकर) पढ़ाई और परीक्षा देते हैं। उन्होंने जैक की मैट्रिक परीक्षा-2026 में 93.8 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं और यूएचएस शिवाजीनगर, गोड्डा के छात्र रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति और जज्बे की सराहना करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं तथा राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे देश के लिए समावेशी शिक्षा और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का प्रेरणादायक उदाहरण है। फैजानुल्लाह की पढ़ाई राज्य सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के तहत होम-बेस्ड एजुकेशन के माध्यम से हुई है। मुलाकात के दौरान कई मंत्री और विधायक भी मौजूद थे।