​धनबाद। कतरास स्थित रामकनाली ओपी क्षेत्र के बंद परियोजना (बट्टू बाबू बंगला) के पास रविवार को कोयला चुनने के दौरान अचानक बड़ा भू-धंसान हो गया। चाल धंसने से मलबे की चपेट में आकर दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन घायलों को तुरंत निजी व स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए ले गए।

​मृतकों में राजबाड़ी केवट टोला निवासी मूंगिया देवी (40 वर्ष) और झींझीपहाड़ी क्षेत्र की एक अन्य महिला शामिल हैं। घटना के तुरंत बाद परिजन दूसरी मृतका के शव को लेकर घर चले गए। वहीं हादसे में घायल बेलनजाबाद निवासी सीमा देवी (32 वर्ष) ने बताया कि लोग जमीन से कोयला चुन रहे थे, तभी अचानक ऊपर से भारी मलबा गिर पड़ा।

​स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना के समय कई लोग मौके पर मौजूद थे, जिससे मलबे में कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।

कतरास का बट्टू बाबू बंगला और आसपास का इलाका भूमिगत खदानों के कारण बेहद संवेदनशील माना जाता है। पुराने खनन के चलते यहाँ की जमीन अंदर से खोखली और कमजोर हो चुकी है, जिससे अक्सर भू-धंसान की घटनाएँ होती रहती हैं।

​हालांकि, इस हादसे के पीछे जमीन धंसने के वास्तविक कारणों का पता आधिकारिक जांच के बाद ही चल सकेगा। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने एक बार फिर स्थानीय लोगों की सुरक्षा और प्रबंधन की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।