गोला(रामगढ़)। शहीद सोबरन सोरेन के शहादत दिवस के अवसर पर 27 नवंबर 2026 को रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत बरलंगा पंचायत के लुकैयाटांड में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
इसी क्रम में गुरुवार को उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने संयुक्त जिला आदेश के माध्यम से कार्यक्रम के सफल आयोजन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों तथा कर्मियों को कार्यक्रम स्थल पर संयुक्त रूप से ब्रीफ किया।
ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को उनके निर्धारित दायित्वों एवं कर्तव्यों की जानकारी देते हुए पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था, आमजनों एवं अतिथियों की सुविधा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि माननीय मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने-अपने निर्धारित प्रतिनियुक्ति स्थल पर ससमय उपस्थित रहकर पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही किसी भी परिस्थिति में आपसी समन्वय एवं तत्परता बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
ब्रीफिंग के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। जिला प्रशासन द्वारा माननीय मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
