चतरा। चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर साई नाथ लाइन होटल के पास से पुलिस ने एक अपराधी को एक देशी कट्टा और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरपा गांव के भगिया बरवा टोली निवासी मुकेश गंझू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी कट्टा, 54 जिंदा गोलियां, छह मिसफायर गोलियां और दो खोखे बरामद किए हैं।
सोमवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी अनिमेष नैथानी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि साई नाथ लाइन होटल के पास एक संदिग्ध व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में इलाके की रेकी कर रहा है।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर जंगल में छिपाकर रखी गई 50 जिंदा गोलियां और दो खोखे भी बरामद किए गए।
