मेदिनीनगर। पलामू प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय की अध्यक्षता में पलामू, गढ़वा एवं लातेहार जिले के परिवहन विभाग की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व संग्रहण, टैक्स डिफॉल्टरों से बकाए की वसूली, नए वाहनों के निबंधन, परमिट, अवैध बस परिचालन, वाहन जांच और ड्राइविंग लाइसेंस सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
आयुक्त ने तीनों जिलों में राजस्व संग्रह की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप वसूली सुनिश्चित करने का कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने टैक्स डिफॉल्टरों की सूची तैयार कर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही, बकाएदारों की संख्या और अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तलब की, ताकि राजस्व नुकसान की भरपाई की जा सके।
क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार (आरटीए) कार्यालय में बसों से संबंधित लंबित मामलों को लेकर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित सुनवाई कर समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, अन्य राज्यों से आने वाली अवैध बसों के परिचालन पर पूर्ण नियंत्रण लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने और दोषी वाहनों पर कानूनी कार्रवाई कर रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया।
बैठक में परिवहन व्यवस्था को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए कई अन्य अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई।
प्रतिमाह निबंधित होने वाले व्यावसायिक वाहनों, ऑटो-रिक्शा और ई-रिक्शा के निबंधन, जारी परमिटों की संख्या, उनकी वैधता और निर्धारित रूटों का व्यवस्थित ब्योरा तैयार करने का निर्देश दिया गया।
तीनों जिलों में जारी ड्राइविंग लाइसेंस, लर्नर लाइसेंस और वाहन निबंधन का अद्यतन डेटा उपलब्ध कराने को कहा गया।
प्रमंडलीय आयुक्त ने स्पष्ट किया कि इस समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों में परिवहन विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना, राजस्व संग्रह के लक्ष्य को हासिल करना और आम जनता से जुड़ी परिवहन सेवाओं में पारदर्शिता व जवाबदेही तय करना है।
बैठक में आयुक्त के सचिव, उप परिवहन आयुक्त सह-सचिव (पलामू क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार), पलामू,गढ़वा और लातेहार के डीटीओ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
