धनबाद। धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो की पुत्री साक्षी के विवाह समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए और नवदंपति को आशीर्वाद दिया। मुख्यमंत्री की इस उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि राजनीतिक मतभेदों के बावजूद पारिवारिक और सामाजिक संबंध सर्वोपरि हैं।
समारोह में सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई प्रमुख नेताओं ने शिरकत की। इनमें प्रमुख रूप से नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी और केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी समेत भाजपा के अनेकों नेता कार्यकर्ता शामिल हुए।
सत्ता पक्ष से स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी, झामुमो विधायक मथुरा महतो, बिहार के मंत्री, सांसद खेसारी लाल यादव सहित कई वर्तमान एवं पूर्व सांसद-विधायक और प्रदेश पदाधिकारी मौजूद रहे।
समारोह में एक दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों के आने की चर्चा थी, जिसके लिए स्थल के निकट तीन हेलीपैड भी बनाए गए थे। हालांकि, खबर लिखे जाने तक केंद्रीय मंत्रियों में केवल अन्नपूर्णा देवी ही समारोह में पहुंचीं।
बोकारो और धनबाद स्थित लोक उपक्रमों के वरिष्ठ अधिकारियों ने विवाह वाले दिन की भीड़ से बचते हुए एक दिन पूर्व ही सांसद के आवास पर पहुंचकर नवदंपति को शुभकामनाएं दीं।
सड़क जाम से बचने के लिए तीन प्रवेश और निकास द्वार बनाए गए थे, फिर भी कार्यक्रम स्थल के आसपास जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, कार्तिक पूर्णिमा के कारण समारोह में पूरी तरह से शाकाहारी भोजन की व्यवस्था की गई थी, जिसमें 50 से अधिक प्रकार के व्यंजन शामिल थे।
