रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से शनिवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में 'लुगू बुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ राजकीय महोत्सव' आयोजन समिति के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान बोकारो के उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल और प्रशासनिक अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री को आगामी 22 से 24 नवंबर तक बोकारो के टीटीपीएस, ललपनिया में आयोजित होने वाले इस राजकीय महोत्सव में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया।
मुलाकात के क्रम में बोकारो उपायुक्त अजय नाथ झा ने मुख्यमंत्री को राजकीय महोत्सव के आयोजन से जुड़ी तमाम तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने महोत्सव के सफल और भव्य आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
मौके पर अंतर्राष्ट्रीय संताल सरना धर्म महासम्मेलन आयोजन समिति के अध्यक्ष बबुली सोरेन और सदस्य लुदू मांझी भी मौजूद रहे।
