नेमरा (रामगढ़)। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन अपनी माता स्व. रूपी सोरेन के पैतृक गांव नेमरा में चल रहे श्राद्धकर्म के पारंपरिक अनुष्ठानों को पूरा करने के साथ-साथ लगातार जनहित के कार्यों का निष्पादन कर रहे हैं। वे नेमरा आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि देने आ रहे हजारों लोगों से आत्मीय मुलाकात कर रहे हैं और आम जनता की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को तुरंत समाधान के निर्देश दे रहे हैं।
गिरिडीह से आईं दृष्टि दिव्यांग पुत्री के पिता की भूमि को कब्जामुक्त कराने, सिल्ली के विश्राम बेदिया की बीमार पत्नी के इलाज और रामगढ़ के युवाओं की विभिन्न मांगों पर मुख्यमंत्री ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर दशकर्म व संस्कार भोज में आने वाले हजारों आगंतुकों की सुरक्षा, पार्किंग और यातायात व्यवस्था की व्यापक तैयारियों की समीक्षा की।
रामगढ़ के गोला चौक पर यातायात सुगम बनाने और सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए एक छोटा गोलंबर बनाने का निर्देश दिया गया है।
