लातेहार। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ बुधवार को लातेहार जिले के बरवाडीह स्थित मंगरा गांव पहुंचे। वे यहां मनिका विधायक रामचंद्र सिंह के सुपुत्र विजय बहादुर सिंह के शुभ विवाह समारोह में शामिल हुए।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन ने नवदंपती विजय बहादुर एवं कुमारी महिमा को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री ने विधायक के परिजनों व सगे-संबंधियों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें बधाई दी तथा वहां मौजूद आम नागरिकों का भी अभिवादन किया।
इससे पूर्व मंगरा गांव के हैलिपैड पर पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को "गार्ड ऑफ ऑनर" देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय, पलामू डीआईजी किशोर कौशल, लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार, एसपी सुशांत गौरव सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।
