चतरा। चतरा-रांची मुख्य मार्ग पर बुधवार की देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सदर थाना क्षेत्र के किशुनपुर गांव (लखन मिस्त्री के घर के पास) में बुधवार को करीब रात 11:30 बजे बधार गांव की ओर से आ रही तेज रफ्तार बलेनो कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में बसंत राणा (33 वर्ष) की मृत्यु हो गई, जबकि उपेन्द्र राणा, रामदेव राणा और गुड्डू राणा गंभीर रूप से घायल हैं।
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई और कार को ट्रक से अलग किया गया।
घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और किशुनपुर गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
