चतरा । बोकारो रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) शैलेंद्र सिन्हा बुधवार को एकदिवसीय दौरे पर चतरा पहुंचे। जिला मुख्यालय के समाहरणालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में उन्होंने चतरा और रामगढ़ जिले के वरीय व कनीय पुलिस अधिकारियों तथा सभी थाना प्रभारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान आईजी शैलेंद्र सिन्हा ने दोनों जिलों के लंबित मामलों, विशेषकर संगठित अपराध और नशीले पदार्थों (अफीम) की अवैध तस्करी से जुड़े केसों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व हजारीबाग जिले के मामलों की भी समीक्षा की जा चुकी है और सभी अधिकारियों को पेंडिंग केसों के त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश दिए गए हैं।
अवैध अफीम की खेती और तस्करी के मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए आईजी ने कहा कि पुलिस इस दिशा में लगातार कड़ी कार्रवाई कर रही है, लेकिन इस लड़ाई को जड़ से जीतने के लिए समाज और आम जनता का सहयोग बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि आने वाली पीढ़ी को नशे के दलदल से बचाने के लिए वे आगे आएं और पुलिस की मदद करें।आईजी ने चेतावनी दी कि नशीले पदार्थों के कारोबार में लिप्त अपराधियों पर न केवल कानूनी शिकंजा कसा जाएगा, बल्कि उनकी चल-अचल संपत्ति को भी कुर्क करने की प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है। उन्होंने तस्करों को आगाह करते हुए कहा कि बार-बार अपराध दोहराने पर सजा और भी कड़ी होगी, इसलिए वे गलत रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौट आएं। इस उच्चस्तरीय बैठक में चतरा एसपी अनिमेष नैथानी, चतरा एसडीपीओ सन्नी वर्धन, डीएसपी (मुख्यालय) सुनील कुमार सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी मौजूद थे
