पिंड्राजोड़ा (बोकारो)। चास-टाटा मुख्य पथ (एनएच-32) पर नगेन मोड़ के पास रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ। पुरुलिया की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसा, जहां कुछ लोग चाय पी रहे थे। हादसे में सरदाहा गांव निवासी गुहीराम ओझा और सीदाम राय की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक महिला समेत चार लोग और ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पिंड्राजोड़ा थाना प्रभारी रवि कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और मामले की जांच में जुटी है। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।