जमशेदपुर। शहर के कदमा (शास्त्रीनगर, ब्लॉक नंबर-4) में रविवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। शनिवार को मां लग्न देवी ने अपने बेटे की लंबी उम्र के लिए निर्जला जितिया व्रत रखा था। रविवार को उन्होंने व्रत का पारण किया ही था कि कुछ ही देर में उनके बेटे विनय कुमार (25) का पार्थिव शरीर घर पहुंच गया। बेटे का शव देखते ही मां बेसुध होकर गिर पड़ीं और पूरे घर में कोहराम मच गया।

विनय कुमार लगभग दो साल पहले योग शिक्षक के रूप में वियतनाम गए थे। 25 सितंबर की रात बारिश के दौरान वह अपने साथी राजा कुमार (निवासी रांची) के साथ स्कूटी से लौट रहे थे। इसी बीच स्कूटी फिसलकर सामने से आ रही एक कार से टकरा गई, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

रविवार को जब विनय की अंतिम यात्रा कदमा स्थित उनके निवास से निकली, तो पूरा इलाका शोकाकुल हो उठा। बिष्टुपुर के पार्वती घाट पर नम आंखों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम विदाई में परिवार के सदस्यों के अलावा भारी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।