धनबाद। आईआईटी (आईएसएम) परिसर स्थित एक निर्माणाधीन साइट पर मंगलवार को सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां काम करने वाले एक मजदूर का शव फंदे से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतक की पहचान बिहार के अररिया जिले के रहने वाले नूर मोहम्मद के रूप में हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही धनबाद थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नूर मोहम्मद संस्थान परिसर में चल रहे निर्माण कार्य में मजदूरी का काम करता था। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सहकर्मियों से पूछताछ के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।