गिरिडीह। झंडा मैदान में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से 'सेवा ज्योति यात्रा' का आयोजन किया गया। यह यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और सुशासन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में निकाली गई। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और रवींद्र राय समेत कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के वर्चुअल संबोधन से हुई। इसके बाद बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में 'सेवा ज्योति यात्रा' के तहत एक भव्य मशाल जुलूस निकाला गया।

इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि धारा 370 का निष्प्रभावी होना, भव्य राम मंदिर का निर्माण, आतंकवाद पर सर्जिकल स्ट्राइक के जरिए कड़ी कार्रवाई, उग्रवाद का खात्मा और देश भर में रेल, सड़क व हवाई सेवाओं का व्यापक विस्तार पीएम मोदी के दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व का प्रमाण है।
इस जुलूस में महानगर जिलाध्यक्ष रंजीत राय, ग्रामीण जिलाध्यक्ष महेंद्र वर्मा, विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक निर्भय शाहाबादी, जयप्रकाश वर्मा, विनय सिंह, विनोद सिन्हा, सरोज सिंह,महादेव दुबे, पूर्व आईजी लक्ष्मण सिंह और प्रकाश सेठ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
