बोकारो। मंगलवार को भाजपा बोकारो महिला मोर्चा ने निष्पक्ष जांच और पीड़िताओं को न्याय दिलाने की मांग, महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर बोकारो के सेक्टर 12 मोड पर प्रदर्शन कर कांग्रेस को घेरा। प्रदर्शनकारियों ने मणिपुर से कांग्रेस सांसद एवं जेएनयू के प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम पर जेएनयू की 11 छात्राओं के साथ कथित यौन उत्पीड़न से जुड़े आरोपों को लेकर निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही मामले में कांग्रेस पार्टी की कथित चुप्पी पर भी सवाल उठाए।

प्रदर्शन के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र राज ने कहा कि महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। गंभीर आरोपों के मामले में निष्पक्ष जांच जरूरी है, ताकि सच्चाई सामने आ सके और पीड़िताओं को न्याय मिल सके। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी को ऐसे मामलों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए स्पष्ट रुख अपनाना चाहिए, लेकिन वह चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस महिलाओं के मुद्दों पर केवल राजनीतिक दिखावा करती है।

भाजपा महिला मोर्चा ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों की रक्षा केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि कानून और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का भी विषय है। किसी भी व्यक्ति के खिलाफ लगे गंभीर आरोपों की जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए और दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदर्शन में गिरजा देवी, रस्मी सिंह, प्रति गुप्ता, अनिता गुप्ता, सुनीता देवी, सुनीता प्रसाद, ममता गोस्वामी, अवधेश यादव, प्रकाश कुमार, अनिल सिंह, शंकर रजक, माथुर मंडल और सुभाष सिंह सहित भाजपा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।