केरेडारी (हजारीबाग)। प्रभात खबर के दिवंगत पत्रकार गणेश कुमार के निधन पर इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) से जुड़े पत्रकारों ने रविवार को केरेडारी स्थित उनके आवास पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और गहरी संवेदना व्यक्त की। संगठन के प्रदेश सचिव दीपक कुमार के नेतृत्व में पहुंचे पत्रकारों ने शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान दिवंगत पत्रकार के परिजनों को सरकार की ओर से मिलने वाली आर्थिक सहायता एवं अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल करने पर चर्चा हुई। पत्रकारों ने कहा कि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और समाज को जागरूक करने में पत्रकारों की अहम भूमिका होती है। ऐसे में किसी पत्रकार के निधन के बाद उसके आश्रितों को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को संवेदनशीलता के साथ पहल करनी चाहिए। IFWJ के पत्रकारों ने कहा कि दिवंगत गणेश कुमार का निधन पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। ऐसे दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ खड़ा होना पत्रकार समुदाय की नैतिक जिम्मेदारी है। संगठन की ओर से परिजनों को सरकारी प्रावधानों के तहत देय आर्थिक सहायता एवं अन्य लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों के समक्ष आवश्यक पहल की जाएगी। इस मुलाकात के दौरान पत्रकारों ने दिवंगत गणेश कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति एकजुटता और सहयोग की भावना व्यक्त की। मौके पर पत्रकार मनोज वर्मा, सुरेश साव, सुमंत साहा, जितेंद्र सिंह चौहान, इंद्रजीत कुमार गिरि, अशोक बंटी राज सहित कांग्रेस के केरेडारी प्रखंड अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता एवं दिवंगत पत्रकार गणेश कुमार के परिजन उपस्थित थे।