बोकारो। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में विस्थापित अप्रेंटिस संघ से संबंधित मामले की एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक बोकारो विधायक से प्राप्त पत्र के आलोक में बुलाई गई थी।

बैठक के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि राज्य सरकार के गृह विभाग को भेजे जाने वाले प्रतिवेदन में मामले से जुड़े सभी तथ्यों, अभिलेखों एवं आवश्यक दस्तावेजों का विस्तृत ब्योरा शामिल किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में चरणबद्ध भूमि अधिग्रहण की स्थिति, नियोजन संबंधी प्रावधान, अब तक की गई कार्रवाई, अप्रेंटिसशिप प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थियों की संख्या तथा अब तक नियोजित एवं नियोजन के लिए शेष अभ्यर्थियों का पूरा विवरण स्पष्ट रूप से दर्ज होना चाहिए।

उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी आवश्यक अभिलेखों का संकलन कर आगामी एक-दो दिनों के भीतर राज्य सरकार को यह विस्तृत प्रतिवेदन भेजने का निर्देश दिया, ताकि सरकार को मामले की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया जा सके।

इसके अलावा, बैठक में भूमि अभिलेखों के डिजिटाइजेशन और उनके व्यवस्थित संधारण पर भी विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने डीपीएलआर को नियमानुसार निविदा प्रक्रिया शुरू कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा, डीसीएलआर पूर्णिमा कुमारी, अनुराधा कुमारी और एपीआरओ अविनाश कुमार सहित कई अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।