रांची। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में अर्जुन सिंह ने विधिवत किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्यभार संभाला। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसान मोर्चा को बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करना उनकी पहली प्राथमिकता है। राज्य की वर्तमान सरकार की वादाखिलाफी जैसे खाद-बीज और धान के समर्थन मूल्य पर किसानों को ठगने के खिलाफ मोर्चा जोरदार आंदोलन चलाएगा।
कार्यक्रम में उपस्थित वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने नवनियुक्त अध्यक्ष को बधाई दी और आगामी 2029 के चुनावों को ध्यान में रखते हुए किसानों के हित में काम करने का आह्वान किया। प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कहा कि किसान मोर्चा 2029 के चुनावों को लक्ष्य बना कर किसानों को संगठित करे और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करे। प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से पीएम द्वारा चलाई जा रही केंद्रीय कृषि योजनाओं की जानकारी राज्य के हर किसान तक पहुंचाने की अपील की।
प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने अर्जुन सिंह के संगठनात्मक अनुभव की सराहना की और राज्य सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने की बात कही।
मनोज सिंह एवं पवन साहूने विश्वास जताया कि नई टीम राज्य में किसानों की मूलभूत समस्याओं के समाधान और संगठन को पंचायत स्तर तक ले जाने के लिए प्रतिबद्ध होकर काम करेगी।
कार्यक्रम का संचालन विक्रांत उपाध्याय ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन अजय मुंडा ने किया। इस दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
