​रांची। प्रमंडलीय राजभाषा कार्यालय, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल द्वारा सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर कार्यालय सभागार में एक गरिमामय कार्यक्रम और कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने दीप प्रज्वलित कर किया।

​समारोह को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि हिंदी कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश को एक सूत्र में पिरोती है और भावात्मक एकजुटता की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने मातृभाषा में शिक्षा को वैज्ञानिक सोच बढ़ाने का आधार बताते हुए कहा कि एआई युग में मौलिक सोच बचाए रखना एक चुनौती है, इसलिए हिंदी को विज्ञान, नवाचार, शोध और रोजगारपरक बनाने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

​इस अवसर पर आयोजित कवि सम्मेलन में डॉ. जंगबहादुर पाण्डेय, डॉ. राजश्री जयन्ती और डॉ. सुरिन्दर कौर "नीलम" समेत 10 कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि संजय कुमार भगत, सदर एसडीओ कुमार रजत, एडीएम (विधि-व्यवस्था) धनंजय, अपर समाहर्ता रामनारायण सिंह सहित कई अधिकारी व कर्मी उपस्थित थे। संचालन उप निदेशक राजभाषा रविशंकर मिश्रा ने तथा धन्यवाद ज्ञापन आयुक्त के सचिव रविन्द्र कुमार गगराई ने किया।