रांची। जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी मंच के शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुई कथित मारपीट और लाठीचार्ज के विरोध में आजसू पार्टी ने राज्यव्यापी आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। आगामी 6 सितंबर को पार्टी राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराएगी।

शनिवार को आजसू पार्टी के रांची जिला अध्यक्ष संजय कुमार महतो और कार्यकारी जिला अध्यक्ष हकीम अंसारी ने रांची उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक अनुमति के लिए आवेदन सौंपा। पार्टी नेताओं ने बताया कि अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे, तभी एक राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं ने लाठी-डंडों से हमला कर कई छात्रों को घायल कर दिया।

आजसू पार्टी ने छात्रों के अधिकारों के दमन को असंवैधानिक और चिंताजनक बताते हुए कहा कि युवाओं की आवाज दबाना लोकतंत्र के खिलाफ है। पार्टी ने उपायुक्त से कार्यक्रम के लिए सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया है।