रामगढ़। जिला के पतरातू में स्थित पीवीयूएनएल और आर्टिफिशियल लिंब्स मैन्युफैक्चरिंग कारपोरेशन ऑफ़ इंडिया के बीच दिव्यांग जनों के सशक्तिकरण के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुआ।

पीवीयूएनएल ने बयान जारी कर बताया गया कि दिव्यांगजनों के कल्याण, सशक्तीकरण एवं जीवन की गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से पीवीयूएनएल और आर्टिफिशियल लिंब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन ऑफ़ इंडिया के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुआ है। इस अवसर पर पीवीयूएनएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एके सहगल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिप्रा रानी तथा मानव संसाधन विभाग के प्रमुख जियाउर रहमान उपस्थित रहे।

इस समझौते के अंतर्गत पीवीयूएनएल की ओर से पतरातू और आसपास के क्षेत्रों में जरूरतमंद दिव्यांगजनों की पहचान के लिए एक आकलन शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के माध्यम से पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्तियों का पंजीकरण कर उनकी आवश्यकताओं का आकलन किया जाएगा। आकलन और चिकित्सकीय परीक्षण के आधार पर लाभार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। जिससे उन्हें दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल सके।

पीवीयूएनएल की यह पहल अपने परिचालन क्षेत्र के आसपास रहने वाले समुदायों के समग्र विकास एवं सामाजिक कल्याण के प्रति निगम की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस कार्यक्रम के माध्यम से दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायता प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उनकी गतिशीलता बढ़ाने तथा सम्मानजनक एवं आत्मनिर्भर जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

पीवीयूएनएल निरंतर अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व पहलों के माध्यम से स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर में सुधार लाने तथा समावेशी एवं सतत विकास को बढ़ावा देने की दिशा में कार्यरत है।