रांची। झारखंड हाईकोर्ट ने हजारीबाग में अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जांच का जिम्मा सब-इंस्पेक्टर से बदलकर डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपने का निर्देश दिया है। सोमवार को जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार के वक्तव्य को रिकॉर्ड पर लिया और अगली सुनवाई तक जांच की प्रगति रिपोर्ट अदालत में पेश करने का आदेश जारी किया। इस मामले की अगली सुनवाई 2 नवंबर को तय की गई है।
राज्य सरकार ने अदालत को सूचित किया कि अब तक इस मामले की जांच एसआई स्तर के अधिकारी कर रहे थे। हाईकोर्ट ने जांच में और गहराई व निष्पक्षता लाने के लिए डीएसपी रैंक के अधिकारी से जांच कराने का स्पष्ट निर्देश दिया।
अदालत ने राज्य सरकार व पुलिस प्रशासन को आदेश दिया है कि 2 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई के दौरान अब तक हुई जांच की अद्यतन रिपोर्ट कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत की जाए।
गौरतलब है कि मृतका के भाई देवजीत चक्रवर्ती ने अपनी बहन अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के पीछे के सच को सामने लाने और मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर झारखंड हाईकोर्ट में क्रिमिनल रिट याचिका दायर की है। याचिका में उन्होंने अदालत से हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है, ताकि निष्पक्ष जांच के जरिए मौत के सही कारणों और सभी तथ्यों का पारदर्शी तरीके से खुलासा हो सके।
