रांची।श्री भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के जरिए जैन समाज के सबसे प्रमुख और पवित्र तीर्थ स्थल श्री सम्मेद शिखर जी (गिरिडीह) की धार्मिक पवित्रता, सुरक्षा व्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने की गुहार लगाई गई है।
शिष्टमंडल ने राज्यपाल को अवगत कराया कि सम्मेद शिखर जी जैन धर्मावलंबियों का सर्वोच्च और अति-संवेदनशील तीर्थ है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार जैन धर्म के 24 में से 20 तीर्थंकरों और अनगिनत सिद्धात्माओं ने इसी पावन पर्वतराज पर मोक्ष प्राप्त किया था। यह पावन क्षेत्र विश्वभर के करोड़ों जैन श्रद्धालुओं की अगाध आस्था और आध्यात्मिक विरासत का मुख्य केंद्र है।
ज्ञापन के माध्यम से महासभा ने राज्यपाल से पर्वतराज तथा आसपास के संपूर्ण तीर्थ क्षेत्र में कड़े सुरक्षा प्रबंध करने और प्रवेश मार्गों पर लगातार जांच एवं निगरानी सुनिश्चित की मांग की है।
देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ वहां स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और आवागमन के सुगम साधनों की व्यवस्था करने,तीर्थराज के प्राकृतिक स्वरूप, शांति और धार्मिक गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल महोदय से अनुरोध किया कि वे इस संवेदनशील विषय पर राज्य सरकार और स्थानीय जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करें, ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय के पूर्ण श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ तीर्थराज की वंदना कर सकें।
