देवघर। एसोसिएशन ऑफ सर्जन्स ऑफ इंडिया (एएसआई) के झारखंड राज्य चैप्टर का 25 वां वार्षिक सम्मेलन जेसिकॉन-2026 देवघर के मैहर गार्डन में शुक्रवार से शुरू हुआ। इस सम्मेलन में देशभर के 100 से अधिक शल्य चिकित्सक भाग ले रहे हैं। तीन दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन का मुख्य आकर्षण लाइव ऑपरेटिव कार्यशाला रहीं, जिसमें तीन ऑपरेशन थिएटरों में की गई कुल सात सर्जरी का सम्मेलन स्थल पर सीधा प्रसारण किया गया। इसमें देवघर के दो अस्पताल अपर्णा हॉस्पिटल और आरिया हेल्थकेयर के ऑपरेशन थिएटरों के साथ कोयंबटूर से डॉ. पार्थ सारथी के ऑपरेशन थिएटर को सम्मेलन स्थल से जोड़ा गया। तीनों ओटी से सर्जरी का लाइव प्रसारण सम्मेलन स्थल पर किया गया, जिसे मौके पर मौजूद सर्जनों और पीजी चिकित्सकों ने बड़े पर्दे पर देखा। प्रसारित सर्जरी में हर्निया की लेप्रोस्कोपिक मरम्मत (टीएपीपी और आईपीओएम प्लस तकनीक) और पित्ताशय (गॉल ब्लैडर) की लेप्रोस्कोपिक सर्जरी शामिल थीं। लाइव सर्जरी में प्रतिभागी केवल परिणाम नहीं, बल्कि ऑपरेशन का हर चरण, कठिनाई आने पर लिए गए निर्णय और सुरक्षा के उपाय सीधे देखते हैं, जो किताबों या रिकॉर्ड किए गए वीडियो से संभव नहीं होता। देवघर के अस्पतालों से ऐसा प्रसारण यह भी दिखाता है कि आधुनिक लेप्रोस्कोपिक सर्जरी अब संताल परगना में ही उपलब्ध है।

सम्मेलन में पित्ताशय में संयोग से पाए जाने वाले कैंसर (इंसिडेंटल कार्सिनोमा गॉल ब्लैडर) के उपचार पर पैनल चर्चा हुई, जिसमें सर्जन, कैंसर सर्जन, रेडियोलॉजिस्ट और पैथोलॉजिस्ट ने एक साथ अपने अनुभव रखे। अतिथि व्याख्यानों में डॉ. तरुण मित्तल ने मिनी-लेप्रोस्कोपिक पित्ताशय सर्जरी, डॉ. संजय कुमार जैन ने सर्जरी से जुड़े चिकित्सा-कानूनी मुद्दे, डॉ. पार्थ सारथी ने कठिन पित्ताशय के प्रबंधन, डॉ. संजीव कुमार चौधरी ने शोध में डबल-ब्लाइंड ट्रायल और डॉ. दीप्तेंद्र के. सरकार ने स्तन कैंसर के उपचार में नई जानकारी पर व्याख्यान दिए। अंग प्रत्यारोपण पर एक संगोष्ठी भी हुई। सम्मेलन में झारखंड के विभिन्न शहरों और अन्य राज्यों से आए वरिष्ठ सर्जनों ने अपने शोध-पत्र और ऑपरेशन के वीडियो प्रस्तुत किए। इनके विषयों में पैरों के पुराने घाव (वेनस लेग अल्सर) का उपचार, फिस्टुला इन एनो और उसकी एमआरआई जांच, पेट के कैंसर में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी, स्तन कैंसर में स्तन को बचाने वाली सर्जरी, मोटापे से जुड़ी सर्जरी, लेप्रोस्कोपिक हर्निया और आंत की सर्जरी तथा देवघर में लेप्रोस्कोपिक सर्जरी की यात्रा शामिल रहे। मौके पर एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक डॉ. आरपी श्रीवास्तव, आयोजन अध्यक्ष डॉ. जुगल किशोर चौधरी, एएसआई झारखंड के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार, सचिव डॉ. कुमार गौरव, डॉ. राजेश कुमार सिंह, डॉ. विजय कुमार, डॉ. बीएन प्रसाद समेत राज्य के विभिन्न जिलों से आए सर्जन मौजूद थे।