हजारीबाग। हजारीबाग पुलिस ने जिले में छिनतई की घटनाओं को अंजाम देने वाले कुख्यात कोढ़ा गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से करीब 27 ग्राम सोने के आभूषण, चोरी की चार मोटरसाइकिल, छह की-पैड मोबाइल और फर्जी नंबर प्लेट बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य फर्जी नंबर प्लेट लगी चोरी की बाइक से शहर में घूमकर बैंक और पोस्ट ऑफिस से निकलने वाले लोगों की रेकी करते थे और मौका मिलते ही रुपये व आभूषण छीन लेते थे। गिरफ्तार अपराधियों की निशानदेही पर चौपारण के मरहेड़ी गांव से तीन स्थानीय सहयोगियों को पकड़ा गया और दो चोरी की बाइक बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, गिरोह ने हजारीबाग समेत चतरा, रामगढ़, गिरिडीह और रांची में कई छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।