रांची। राज्य की हेमंत सोरेन सरकार ने किसानों के आर्थिक सशक्तीकरण और उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। खरीफ विपणन 2026-27 के दौरान धान की खरीद पर किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के अतिरिक्त मिलनेवाले राज्य सरकार के बोनस को 84 से बढ़ा कर 109 प्रति क्विंटल करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले के मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार ने इस बार 40 लाख क्विंटल धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए राज्य के सभी 24 जिलों में जिला-वार धान अधिप्राप्ति की योजना तैयार की गई है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को सरकारी खरीद व्यवस्था से जोड़ना, उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। इरफान अंसारी ने कहा कि खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के लिए केंद्र सरकार द्वारा सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,441 प्रति क्विंटल और ग्रेड ‘ए’ धान का 2,461 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार की ओर से 109 प्रति क्विंटल बोनस देने का प्रस्ताव है। इस प्रस्ताव के अनुसार सामान्य धान पर कुल 2,550 प्रति क्विंटल और ग्रेड ‘ए’ धान पर 2,570 प्रति क्विंटल की दर बनती है। पिछले वर्ष की तुलना में बोनस को 84 से बढ़ाकर 109 प्रति क्विंटल करने की पहल से किसानों को प्रति क्विंटल 25 का अतिरिक्त लाभ मिल सकेगा। विभाग ने राज्य के सभी 24 जिलों के लिए धान खरीद की जिला-वार योजना भी तैयार की है।