रामगढ़। जिला स्थापना दिवस के अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने जिलेवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि 19 वर्षों की विकास यात्रा में रामगढ़ ने मेहनत और निरंतर प्रयासों के बल पर राज्य में अपनी अलग पहचान बनाई है। विकास के कई मानकों में जिला राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर चुका है और इस उपलब्धि को बरकरार रखने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है।
उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन, खेल तथा ग्रामीण-शहरी विकास के क्षेत्र में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किए जा रहे हैं। पतरातू डैम के सौंदर्यीकरण से पर्यटन को बढ़ावा मिला है, जबकि मां छिन्नमस्तिका मंदिर, टूटी झरना और माया टुंगरी जैसे स्थल भी जिले की पहचान हैं।
गोला की कृषि मंडी को आधुनिक रूप दिया जा रहा है। किसानों के लिए कृषि मशीनरी बैंक और पतरातू-गोला क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में काम जारी है। उच्च शिक्षा के विस्तार के साथ मेडिकल कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं के कौशल विकास, रोजगार और खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न परियोजनाएं संचालित की जा रही हैं।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन नागरिकों की समस्याओं और सुझावों के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।
स्थापना दिवस पर उपायुक्त ऋतुराज और एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने छत्तरमांडू स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्वतंत्रता सेनानियों और जननायकों की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया गया।
