रामगढ़। रुंगटा परिवार के तत्वावधान में 'रामगढ़ जिमखाना क्लब एवं रिसोर्ट' में सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कथा के पहले दिन मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार पहुंचे। उन्होंने व्यासपीठ का पूजन कर आशीर्वाद लिया। राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों से समाज और क्षेत्र में सुख-शांति बनी रहती है। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और कथा व्यास आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी महाराज ने एक-दूसरे को सम्मानित किया।

कथा से पूर्व शहर में हनुमान मंदिर से एक भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें लाल साड़ी पहने महिलाएं और रंग-बिरंगे परिधानों में पुरुष शामिल हुए।

कथा व्यास भागवत रत्न आचार्य मृदुल कृष्ण गोस्वामी महाराज ने श्रीमद्भागवत के महात्म्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पितृपक्ष में कथा श्रवण का कई गुना पुण्य मिलता है। 'भागवत' शब्द के अर्थ को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि यह ग्रंथ जीवन को प्रकाश और गति देता है तथा भवसागर से पार लगाता है।

कथा के दौरान सुमधुर भजनों और राधा-कृष्ण की मनमोहक मोर नृत्य झांकी पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूम उठे। कार्यक्रम में यजमान परिवार सहित शहर की कई धार्मिक, सामाजिक व व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे। आरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

आयोजन समिति के आलोक रूंगटा ने बताया कि कथा प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक आयोजित होगी और उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कथा का आनंद लेने का आग्रह किया है।