साहिबगंज। साहिबगंज-बरहड़वा रेलखंड के महाराजपुर रेलवे स्टेशन के पास झंझरी पुल (पोल संख्या 219/32) के समीप गंगा कटाव के कारण रविवार को लगातार छठे दिन भी रेल परिचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। डाउन लाइन पूरी तरह बंद रहने से साहिबगंज से बरहड़वा, हावड़ा और मालदा की ओर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को भी 22 ट्रेनों का परिचालन रद्द रहा, और फिलहाल डाउन लाइन पर स्थिति सामान्य होने के कोई आसार नजर नहीं आ रहे हैं।
ट्रेनों के लगातार रद्द होने से साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर सन्नाटा पसरा हुआ है और आम दिनों की तुलना में यात्रियों की आवाजाही काफी कम हो गई है। पूछताछ केंद्र पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग ट्रेनों की स्थिति जानने पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है। दूर-दराज से पहुंचे यात्रियों को मजबूरी में अन्य विकल्पों की तलाश करनी पड़ रही है।
दूसरी ओर, रेलवे प्रशासन प्रभावित रेलखंड को दुरुस्त करने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है। मौके पर बड़ी संख्या में रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी तैनात हैं। चौबीसों घंटे मरम्मत कार्य चलाकर जल्द से जल्द रेल सेवा को बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
