​धनबाद। शहर के हीरापुर हरि मंदिर रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में धोखाधड़ी का एक मामला सामने आया है। एटीएम में कार्ड फंसने का फायदा उठाकर एक जालसाज ने मदद के बहाने पीड़ित के खाते से 45,700 रुपये उड़ा लिए।

​मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित व्यक्ति जब हीरापुर हरि मंदिर रोड स्थित एसबीआई एटीएम में पैसे निकालने गया, तो उसका एटीएम कार्ड मशीन में ही फंस गया। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को बैंक का प्रतिनिधि बताया और मदद का झांसा दिया। उसने पीड़ित को झांसे में लेकर एक मोबाइल नंबर दिया और उस पर संपर्क करने को कहा।

​पीड़ित के वहां से जाने के बाद शातिर जालसाज ने उनके खाते से कुल 45,700 रुपये की अवैध निकासी कर ली और कुछ रकम की ऑनलाइन शॉपिंग भी कर ली। जब पीड़ित को खाते से पैसे कटने के मैसेज मिले, तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ।

​इस घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल धनबाद थाना पहुंचकर अज्ञात ठग के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुट गई है और एटीएम में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालकर आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है।