बोकारो। बोकारो के चास थाना क्षेत्र के तेलडीह समीप देव मार्केट में शनिवार अहले सुबह एक दर्दनाक घटना में 17 वर्षीय युवक की चौथी मंजिल से गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान शिवांश उर्फ राहुल कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि मृतक 2027 में 10वीं की परीक्षा की तैयारी कर रहा था। उसके पिता युधिष्ठिर महतो मजदूरी का काम करते हैं और बाहर रहते हैं। परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर, जयपुर का रहने वाला है। पिछले दो-ढाई साल से वह चास के तेलडीह समीप देव मार्केट में किराए के मकान की चौथी मंजिल पर अपनी मां के साथ रहता था। मिली जानकारी के अनुसार सुबह सोकर उठने के बाद उसने मां से कहा कि वह घूमने जा रहा है, इसके बाद मां सोने चली गई। मृतक के मौसा प्रबल कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी बोली कि राहुल छत से गिर गया है जाकर देख लीजिए। जब वह मौके पर पहुंचे तो मकान मालिक ने बताया कि बच्चे की मौत हो चुकी है। लहुलुहान हालत में जमीन पर ही गिरा पड़ा है। पड़ोसी (जिस घर में छट से गिरा बच्चा) ने बताया कि सुबह करीब पांच से साढ़े पांच बजे तेज धड़ाम की आवाज आई। आवाज सुनकर वह और उनकी पत्नी आसपास देखने लगे, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। जब घर का गेट खोला तो देखा कि एक लड़का लहूलुहान हालत में गिरा पड़ा है। इसकी सूचना मकान मालिक को दी और खुद थाना जाकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों के अनुसार शिवांश बेहद शांत स्वभाव का लड़का था और उसका किसी से कोई विवाद नहीं था।
