जमशेदपुर। मानगो स्थित सुवर्णरेखा नदी में शनिवार को हुए हादसे के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर मासूम बच्ची को सही-सलामत बाहर निकालने वाले जामुन शेख को रविवार को सम्मानित किया गया। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने उन्हें 10,000 रुपये नकद और अंगवस्त्र प्रदान कर उनकी बहादुरी की सराहना की।

पेशे से ठेले पर हवा मिठाई बेचने वाले भुइयांडीह (छायानगर) निवासी जामुन शेख ने शनिवार को घटना के वक्त अदम्य साहस और तत्परता दिखाते हुए नदी में छलांग लगा दी थी और डूब रही बच्ची को बचा लिया था। रविवार को डीबीएमएस स्कूल में आयोजित 'शिक्षक सम्मान समारोह' के दौरान विधायक सरयू राय ने उनके इस साहसिक कार्य के लिए उन्हें मंच पर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में मानगो नगर निगम क्षेत्र समिति के अध्यक्ष विकास कुमार साहनी ने कहा कि आर्थिक रूप से सामान्य पृष्ठभूमि होने के बावजूद जामुन शेख ने मानवता की मिसाल पेश की है। ऐसे निस्वार्थ और साहसी लोगों का सम्मान समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करता है।

विकास साहनी ने बताया कि शनिवार को घटना की खबर मिलते ही विधायक सरयू राय तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने एमजीएम अस्पताल जाकर बच्ची के इलाज की स्थिति का जायजा लिया और अस्पताल अधीक्षक को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

समारोह के दौरान राहत एवं बचाव कार्य में तुरंत पहुंचकर सहयोग करने वाले स्थानीय युवा समाजसेवी शुभम राज को भी विधायक सरयू राय ने अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। विकास साहनी ने प्रशासन से अपील की कि आने वाले पर्व-त्योहारों को देखते हुए नदी घाटों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम और विशेष बचाव दल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।