रामगढ़। रामगढ जिले के कुजू ओपी क्षेत्र के लोहागेट डायवर्सन के समीप गुरुवार को अर्टिगा कार और कमांडर सवारी जीप के बीच टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों पर सवार आधा दर्जन से अधिक लोग मामूली रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए नर्सिंग होम पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, अर्टिगा कार संख्या बीआर02सीसी-3648 रजरप्पा से गया की ओर जा रही थी। इसी दौरान लोहागेट डायवर्सन के पास कार की कमांडर जीप संख्या जेएच01एच-8258 से टक्कर हो गई। टक्कर में कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर कुजू ओपी के पुलिस अवर निरीक्षक ओमकार पाल मौके पर पहुंचे, उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।