रांची। राजधानी रांची के होटल बीएनआर चाणक्य में 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को दो दिवसीय 'झारखंड डिजिटल हेल्थ कॉन्क्लेव 2026' का आयोजन किया जा रहा है। राज्य में पहली बार हो रहे इस भव्य आयोजन को झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक, हाई-टेक और पेपरलेस बनाने के दिशा में एक अहम 'लॉन्चिंग पैड' माना जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने मंगलवार को प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि कॉन्क्लेव का उद्घाटन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। इसमें देश-दुनिया के स्वास्थ्य विशेषज्ञ, प्रमुख अस्पतालों के प्रतिनिधि और टेक एक्सपर्ट्स हिस्सा लेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार टेलीमेडिसिन सेवाओं का विस्तार कर रही है, ताकि दूर-दराज के ग्रामीणों को घर बैठे बेहतर इलाज मिल सके। इसके साथ ही रांची में एक सेंट्रल 'कमांड सेंटर' तैयार किया जाएगा, जिसके जरिए प्रदेश भर के स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों की संख्या और उन्हें मिल रही सुविधाओं की लाइव निगरानी होगी। मंत्री ने भरोसा जताया कि इन आधुनिक व्यवस्थाओं के लागू होने से आने वाले समय में मरीजों को इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इस पहल के तहत राजधानी में रिम्स-2 की स्थापना और सभी सदर अस्पतालों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना है। प्रेस वार्ता में अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने कहा कि इस कॉन्क्लेव के माध्यम से स्वास्थ्य क्षेत्र में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और रोबोटिक सर्जरी जैसी आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल पर मंथन होगा। जो भी नई और बेहतर तकनीक राज्य के अनुकूल होगी, उसे लागू किया जाएगा।
कार्यक्रम में एनआरएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
