रांची। पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार में डीजीपी तदाशा मिश्र की अध्यक्षता में पुलिस कर्मियों, अफसरों के प्रमोशन, एसीपी और मालखाना से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके बाद डीजीपी ने आरक्षी से हवलदार, आरक्षी /हवलदार से सहायक अवर निरीक्षक तथा सहायक अवर निरीक्षक से पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर प्रोन्नति से संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सभी पुलिसकर्मियों/ ट्रेंड चालक/आर्मोरर /हवलदार संवर्ग के एसीपी /एमएसीपी से संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन अपने-अपने जिला स्तर से सुनिश्चित करने को कहा। सभी मामला में समयबद्ध कार्रवाई करते हुए इसकी सूचना पुलिस मुख्यालय को यथाशीघ्र उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिये। डीजीपी ने जिलों के पुलिस पदाधिकारियों (पुलिस अधीक्षक) से पुलिस सभा आयोजित कर पुलिस कर्मियों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही. पुलिस महानिदेशक द्वारा वर्तमान में पुलिसकर्मियों के रिक्त पदों के संबंध में सभी जिलों में रिक्त पदों में से 50 प्रतिशत पदों का रोस्टर क्लियरेंस कराते हुए विभिन्न संवर्ग में रिक्तियों की स्थिति दर्शाने वाली सूची 15 दिनों के अन्दर पुलिस मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। डीजीपी द्वारा सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह, पारदर्शी, तकनीक सक्षम एवं प्रभावी बनाया जाए।
जिला
ब्रेकिंग
