रांची। झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। बंद के दौरान राज्य के सभी प्रमंडलों में आंदोलनकारी सड़कों पर उतरकर चक्का जाम करेंगे। मोर्चा ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन व आवश्यक सेवाओं को बंद से मुक्त रखा गया है। मोर्चा के संस्थापक पुष्कर महतो ने बताया कि आंदोलनकारी अपनी पारंपरिक वेशभूषा-लूंगी, साड़ी, तीर-धनुष और डुगडुगी के साथ सड़कों पर उतर कर प्रदर्शन करेंगे। इस दौरान जिला स्तर पर उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम मांग पत्र भी सौंपा जाएगा।

आंदोलनकारियों की मुख्य मांगों में जेल जाने की बाध्यता समाप्त कर सभी झारखंड आंदोलनकारियों को प्रतिमाह 50-50 हजार रुपये पेंशन, रोजी-रोटी, रोजगार और सरकारी नौकरियों में आंदोलनकारियों को 100% आरक्षण और आंदोलनकारियों को राजकीय मान-सम्मान और एक अलग पहचान शामिल है।

इससे पूर्व मंगलवार शाम रांची के शहीद चौक से अल्बर्ट एक्का चौक तक भव्य मशाल जुलूस निकाला गया। पुष्कर महतो ने दावा किया है कि रामगढ़ नया मोड़ से लेकर हजारीबाग के बरही और चौपारण सहित पूरे राज्य में बंदी का व्यापक असर दिखेगा। उन्होंने व्यावसायिक संगठनों, दुकानदारों और औद्योगिक संस्थानों से भी इस बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की है।