देवघर। देवघर पुलिस ने साइबर ठगी के आरोप में सारठ के डकाय जंगल से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन, चार सिम कार्ड और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में सिंकू भोक्ता, चंदन यादव और रौशन कुमार मंडल शामिल हैं। साइबर पुलिस को सूचना मिली थी कि डकाय जंगल में कुछ संदिग्ध लोग फर्जी तरीके से ऑनलाइन ठगी कर रहे हैं। आरोपी खुद को विभिन्न ई-कामर्स बेवसाइट के कस्टमर केयर प्रतिनिधि, बैंक अधिकारी और विभिन्न ऑनलाइन पेमेंट कंपनियों के कस्टमर केयर कर्मी बताकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर कैशबैक का लालच देते थे और पीएम किसान योजना, बिजली बिल और आरटीओ चालान के नाम पर एपीके फाइल भेजकर लोगों के मोबाइल का एक्सेस हासिल करने की कोशिश करते थे। आरोपी बैंक कार्ड बंद होने या उसे दोबारा चालू कराने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर ठगी करतेे थे। छापेमारी दल में साइबर थाना के पुलिस निरीक्षक नागेंद्र कुमार मंडल, सोनारायठाढ़ी थाना के रोहित दांगी, सारठ थाना के दीपक कुमार साह सहित अन्य पुलिसकर्मी और सशस्त्र बल शामिल थे।