रामगढ़। भारतीय जनता पार्टी रामगढ़ जिला के द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ को लेकर प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी पराजय से हताश विपक्ष अब जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है। विपक्ष का यह रवैया लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उसकी सोच और राजनीतिक निराशा को उजागर करता है।
चुनाव आयोग पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी और पक्षपात के आरोपों को निराधार बताते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि यदि चुनाव आयोग पक्षपाती है और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हो रही है, तो इसी व्यवस्था के तहत कांग्रेस के 99 सांसद कैसे निर्वाचित हुए? उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है। जबकि उसी व्यवस्था से मिले जनादेश को स्वीकार भी करती है।
दीपक प्रकाश ने देश की आंतरिक सुरक्षा और घुसपैठ के मुद्दे को गंभीर बताते हुए कहा कि घुसपैठ के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने और प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी शर्त है।
भाजपा नेता ने कहा कि विपक्ष देश में संस्थाओं के पतन और राष्ट्रीय गिरावट की तस्वीर पेश करने का प्रयास कर रहा हैlजबकि भारत रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की आकांक्षाओं और राष्ट्रीय विकास का लक्ष्य है। लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक एवं रचनात्मक राजनीति करनी चाहिए।
प्रेसवार्ता के माध्यम से भाजपा ने कांग्रेस और विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता, राष्ट्रीय सुरक्षा, मतदाता सूची की शुचिता और विकास के मुद्दों पर देशहित को सर्वोपरि रखा जाना चाहिए। प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी सुरेन्द्र महतो जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी प्रदेश राजनीति प्रकोष्ठ के संयोजक जैनेंद्र कुमार, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, भीम सेन चौहान, नगर अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय, वरिष्ठ नेता सहदेव ठाकुर,ब्रजेश पाठक, कुणाल दास भी उपस्थित थे।
