रांची। राज्य में जारी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर कांग्रेस ने इसकी अवध बढ़ाये जाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस कमिटी की मानें तो एसआईआर के दौरान कई व्यावहारिक एवं प्रशासनिक कठिनाइयां अब भी दिख रही हैं। इसे देखते उसने सुनवाई की अवधि 30 दिनों तक बढ़ाने की मांग की है। इस संबंध में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी के राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। मतदाताओं की समस्याओं के समाधान के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। ज्ञापन में 31 अक्टूबर 2026 तक की नोटिस एवं सुनवाई रिपोर्ट का हवाला देते हुए पार्टी की ओर से बताया कि राज्य में कुल 59,56,574 नोटिस जारी किए गए हैं, जिनमें से 40,25,102 मतदाताओं की सुनवाई पूरी हुई है। 5,06,625 नोटिस अब भी मतदाताओं तक पहुंचाए जाने बाकी हैं। ये आंकड़े एसआईआर प्रक्रिया को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने की चुनौती को स्पष्ट करते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिवाली, भैया दूज एवं छठ जैसे महत्वपूर्ण त्योहारों के कारण आम नागरिकों की उपलब्धता और सरकारी कार्यालयों तक पहुंच प्रभावित होती है। ऐसे में निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी मतदाताओं की सुनवाई सुनिश्चित करना व्यावहारिक रूप से कठिन है।
इससे पहले संगठनात्मक दौरे पर रांची पहुंचे के राजू ने रांची एयरपोर्ट पर मीडिया को जानकारी देते कहा कि राहुल गांधी नवंबर के तीसरे सप्ताह में झारखंड आने की संभावना है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के दौरे से पहले कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता एसआईआर के खिलाफ आंदोलन के तीसरे चरण से जुड़े सभी कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगे।
