रांची। हरमू स्थित आजसू पार्टी के प्रधान कार्यालय में रांची जिला कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जिला से लेकर पंचायत स्तर तक जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करने का निर्णय लिया गया।
रांची जिले के सभी प्रखंडों में पार्टी का व्यापक पुनर्गठन किया जाएगा, जिसमें नई पीढ़ी के युवाओं को अधिक जिम्मेदारी दी जाएगी। इस महीने प्रखंड, छात्र आजसू, युवा आजसू और महिला आजसू के सम्मेलन आयोजित होंगे।
बैठक में राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन पर निशाना साधते हुए कहा गया कि प्रखंड, अंचल कार्यालयों और रांची नगर निगम में भ्रष्टाचार एवं अफसरशाही बढ़ रही है, जिससे आम जनता परेशान है।
दुर्गा पूजा के दौरान ट्रैफिक उल्लंघन के नाम पर वसूले गए अनैतिक चालानों और आगामी दीपावली-छठ महापर्व पर सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर आजसू का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही राज्यपाल संतोष गंगवार से मिलकर ज्ञापन सौंपेगा।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजय महतो ने तथा संचालन कार्यकारी अध्यक्ष हाकीम अंसारी ने किया। इस दौरान केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर, डॉ. देवशरण भगत, हसन अंसारी सहित जिले के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
