रामगढ़। बुधवार को रजरप्पा थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर के अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में दिवाकर कुमार ठाकुर, कृष्णा नायक, आनंद लकड़ा, दीपक रजक, हेमंत राजभर, आकाश सिंह का शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 5.88 ग्राम ब्राउन शुगर, दो वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। रजरप्पा थाना में एसडीपीओ आलोक रंजन ने प्रेस वार्ता कर इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 3 नवंबर 2026 को शाम करीब 5:10 बजे पुलिस अधीक्षक रामगढ़ को गुप्त सूचना मिली कि एक स्कूटी पर सवार तीन व्यक्ति महुआटांड़ से बोरोबिंग की ओर आने वाले हैं। उनके पास ब्राउन शुगर सहित अन्य मादक पदार्थ हैं। इस पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रामगढ़ के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी दल (एसआईटी) का गठन किया गया। इसके बाद रजरप्पा थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने बोरोबिंग पुल के समीप अवरोधक लगाकर महुआटांड़ की ओर से आने वाले वाहनों की जांच शुरू की। शाम करीब 7:45 बजे एक स्कूटी पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे रजरप्पा क्षेत्र के दीपक रजक, आकाश सिंह उर्फ गोंदू एवं हेमंत राजभर से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची एवं आसपास के क्षेत्रों में बेचते थे तथा स्वयं भी इसका सेवन करते थे। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने इस बार भी महुआटांड़ जाने वाले रास्ते में एक सुनसान जंगली स्थान पर उक्त तीनों से ब्राउन शुगर खरीदी थी। इसके बाद एसआईटी ने छापेमारी कर कथित आपूर्तिकर्ताओं दीपक रजक, आकाश सिंह उर्फ गोंदू एवं हेमंत राजभर को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामद सामग्री जब्त कर ली। इस मामले में कांड संख्या 139/26, दिनांक 03 नवंबर 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।