बोकारो। बोकारो में एक बार फिर चोरी की कोशिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। चिरा चास थाना क्षेत्र के वसंत विहार कॉलोनी में कुछ संदिग्ध लोगों ने एक बुजुर्ग दंपति के मकान को निशाना बनाने की कोशिश की। मकान की बाउंड्री फांदकर अंदर घुसने का प्रयास कर रहे संदिग्धों की पूरी गतिविधि सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि, वे अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सके।
घटना रविवार रात की बताई जा रही है। कॉलोनी के प्लॉट नंबर 782 स्थित इस मकान में रामानुज मिश्रा अपनी पत्नी के साथ रहते हैं। सोमवार सुबह जब बुजुर्ग दंपति को घटना की जानकारी मिली, तो उनके रिश्तेदार ने पुलिस को इसकी शिकायत दी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।
घटना के बाद से बुजुर्ग दंपति दहशत में हैं। उनकी पुलिस प्रशासन से मांग है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए और संदिग्धों की जल्द पहचान कर कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले इसी इलाके में कथित तौर पर कक्षा गैंग नाम से चर्चित चोर गिरोह की गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत थी। ऐसे में सीसीटीवी में कैद संदिग्धों की गतिविधियों ने एक बार फिर लोगों की चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, फुटेज में दिख रहे लोग कक्षा गैंग से जुड़े हैं या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अब देखना होगा कि पुलिस इन संदिग्धों की पहचान कर कब तक उन्हें गिरफ्तार कर पाती है।
