रांची। झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमताओं को लेकर छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इस बीच आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने आंदोलनरत छात्रों को पूर्ण समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में आयोजित भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला।

सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ऑनलाइन सदस्यता पंजीकरण अभियान के शुभारंभ के अवसर पर पत्रकारों से बात करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि सरकार इस संवेदनशील मामले को लंबा खींचकर ठंडे बस्ते में डालना चाहती है। सीआईडी को जांच सौंपना इसी मंशा को दर्शाता है।

सुदेश महतो ने मांग की कि सरकार सबसे पहले जेपीएससी और जेएसएससी समेत तमाम चयन आयोगों में कार्यरत पदाधिकारियों को हटाए। उनकी जगह सेवानिवृत्त न्यायाधीशों और परीक्षा प्रणाली के विशेषज्ञों की एक स्वतंत्र टीम गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए।

जांच एजेंसी के ट्रैक रिकॉर्ड पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि केवल सीआईडी जांच की घोषणा करने से युवाओं का भरोसा नहीं जीता जा सकता। सरकार पहले यह साफ करे कि सीआईडी के पास पहले से कितने मामले लंबित हैं और उनका क्या नतीजा निकला है। आजसू प्रमुख ने कहा कि जांच केवल कुछ अधिकारियों की पूछताछ या गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे भर्ती सिस्टम और इसके लिए जिम्मेदार उच्च पदस्थ लोगों की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सुदेश महतो ने कहा कि आजसू का छात्र और युवा संगठन लगातार अभ्यर्थियों के संपर्क में है। छात्र जिस रूप में भी सहयोग चाहेंगे, पार्टी उनके साथ मुस्तैदी से खड़ी रहेगी। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और युवाओं को रोजगार दिलाना पार्टी का प्रमुख एजेंडा है।

उन्होंने मुख्यमंत्री और राज्य सरकार से सीधा जवाब मांगते हुए कहा कि सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि आगे की नियुक्तियां कैसे होंगी,भर्ती में पारदर्शिता कैसे सुनिश्चित की जाएगी और युवाओं का खोया भरोसा कैसे बहाल होगा।

युवा अधिवेशन की तैयारियों की समीक्षाः इस मौके पर सुदेश महतो ने जमशेदपुर में 7 और 8 अगस्त को आयोजित होने वाले आजसू पार्टी के राज्यस्तरीय युवा अधिवेशन और उसकी तैयारियों की भी समीक्षा की।