- स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने लैब जनता को की समर्पित; गंभीर टीबी की जांच के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता होगी कम
रांची। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में अत्याधुनिक बायोसेफ्टी लेवल-3 (BSL-III) माइक्रोबायोलॉजी लैब का उद्घाटन कर इसे राज्य की जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने रिम्स के ओपीडी और आईपीडी भवन के नवीनीकरण एवं विस्तार कार्य का शिलान्यास भी किया।
राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के तहत तैयार इस लैब पर लगभग 2.30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जिसकी राशि सेंट्रल ट्यूबरकुलोसिस डिवीजन (CTD) ने उपलब्ध कराई है। यहां टीबी बैक्टीरिया की कल्चर जांच और दवा संवेदनशीलता परीक्षण (DST) की सुविधा मिलेगी। इससे मल्टी ड्रग रेजिस्टेंट (MDR-TB) और ड्रग रेजिस्टेंट टीबी (DR-TB) के मरीजों के लिए अधिक सटीक व प्रभावी उपचार तय करना संभव होगा। संक्रमण की रोकथाम और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा के लिए लैब को नेगेटिव एयर प्रेशर सिस्टम, यूनिडायरेक्शनल एयर फ्लो और HEPA फिल्ट्रेशन सिस्टम से लैस किया गया है।
दो साल में आधुनिक होगा ओपीडी/आईपीडी भवन
मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए करीब 60 वर्षों से सेवा दे रहे इस संस्थान के ओपीडी व आईपीडी भवन का नवीनीकरण और विस्तार किया जा रहा है। राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) के मानकों के अनुरूप विकसित होने वाली इस परियोजना को आगामी दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य है। इससे मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा और व्यवस्थित सेवाएं मिलेंगी, साथ ही चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों के लिए कार्य वातावरण भी बेहतर होगा।
मरीजों का बचेगा समय और खर्च
इस अवसर पर डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि रिम्स को विश्वस्तरीय चिकित्सा संस्थान बनाना सरकार की प्राथमिकता है। राज्य में ही आधुनिक जांच सुविधाएं मिलने से गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे राज्यों में जाने की मजबूरी कम होगी और मरीजों का समय व आर्थिक बोझ बचेगा। उन्होंने आम लोगों से इन जांच सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की और बताया कि जल्द ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी रिम्स का भ्रमण कर कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
कार्यक्रम में कांके विधायक सुरेश बैठा, राजीव कुमार मिश्रा, शैलेश त्रिपाठी, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. प्रदीप भट्टाचार्य सहित रिम्स के वरिष्ठ चिकित्सक, मेडिकल फैकल्टी, भवन निर्माण निगम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
