रांची। श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आगामी 22 नवंबर को राजधानी में भव्य शोभायात्रा (नगर कीर्तन) निकाली जाएगी। मुख्य समारोह कृष्णा नगर कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा मैदान में आयोजित होगा, जहां सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक विशेष दीवान सजाया जाएगा।
इस विशेष दीवान में राज्यपाल संतोष गंगवार, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, विधायक सी.पी. सिंह, रांची की मेयर रोशनी खलखो और डिप्टी मेयर नीरज कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
विशेष दीवान की समाप्ति के तुरंत बाद दोपहर 3:00 बजे कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा मैदान से भव्य नगर कीर्तन की शुरुआत होगी। यह शोभायात्रा रातू रोड, प्यादा टोली, गांधी चौक, शहीद चौक, अल्बर्ट एक्का चौक, डेली मार्केट, चर्च कॉम्प्लेक्स और लाला लाजपत राय चौक होते हुए रात 9:00 बजे पी.पी. कंपाउंड स्थित गुरुनानक स्कूल परिसर पहुंचकर संपन्न होगी।
प्रकाश पर्व के निमित्त शहर में पिछले 13 दिनों से निकाली जा रही प्रभातफेरियों का शुक्रवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ समापन हो गया। अंतिम दिन गुरुद्वारा श्री गुरु नानक सत्संग सभा, कृष्णा नगर कॉलोनी की ओर से तड़के 5:30 बजे भव्य प्रभातफेरी निकाली गई।
कृष्णा नगर कॉलोनी गुरुद्वारा साहिब के पार्किंग गेट से निकली यह प्रभातफेरी मेट्रो गली और रातू रोड होते हुए नागा बाबा खटाल चौक पहुंची, जहां इसका मिलन मेन रोड और पिस्का मोड़ गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा की प्रभातफेरियों से हुआ। इसके बाद तीनों जत्थे सामूहिक रूप से महावीर चौक, कुंजलाल स्ट्रीट, शास्त्री मार्केट और डेली मार्केट होते हुए मेन रोड गुरुद्वारा साहिब पहुंचे। वहां अरदास के साथ सभी प्रभातफेरियों का विधिवत समापन हुआ।
प्रभातफेरी की अगुवाई सरदार छोटू सिंह निशान साहिब लेकर कर रहे थे, जबकि मनीष मिढा ने श्रद्धालुओं के घरों और प्रतिष्ठानों के समक्ष अरदास की। इस दौरान संगत ने "सतगुरु नानक प्रगटिया मिटी धुंध जग चानन होआ...", "कल तारण गुरु नानक आया..." और "देह शिवा वर मोहे इहे शुभ करमन ते कबहुँ ना टरौं..." जैसे शबदों का गायन कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
प्रभातफेरी के मार्ग में तारा हैंडलूम, एस.के. सूट एंड साड़ीज, कुंजलाल स्ट्रीट दुकानदार एसोसिएशन, शास्त्री मार्केट एसोसिएशन और नटराज होटल (डेली मार्केट) की ओर से पुष्प वर्षा कर तथा चाय व मिष्ठान्न प्रसाद का वितरण कर संगत का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। समापन अवसर पर गुरु सिंह सभा की ओर से गुरु का अटूट लंगर भी चलाया गया।
